केंद्रीय बजट 2026-27 : उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विधायक अमर अग्रवाल ने प्रेसवार्ता में बताया – किसानों, लघु उद्योगों, रोजगार और बुनियादी ढांचे को मिली प्राथमिकता..

बिलासपुर। केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर प्रदेश में भाजपा नेताओं ने आज बिलासपुर कार्यालय में प्रेसवार्ता कर मीडिया को विस्तृत जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय बजट के प्रदेश संयोजक व बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने इसे कल्याणकारी, विकासोन्मुख और सर्वसमावेशी बजट बताया, जो हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर राज्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए इस बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में जनजातीय स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के लिए 8 राज्यों सहित छत्तीसगढ़ में जनजातीय स्वास्थ्य वेधशालाएं स्थापित की जाएंगी। बस्तर और सरगुजा जैसे पीवीटीजी बस्तियों को जोड़ने के लिए सड़कों के निर्माण हेतु अतिरिक्त बजटीय आवंटन किया गया है।

साथ ही, जनजातीय स्कूलों में खेल सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए वार्षिक खेल हब विकसित किए जाएंगे। खनिज परिवहन और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए रेलवे को प्राथमिकता दी जाएगी। किसान हितों के लिए धान के कटोरे राज्य में केंद्र और राज्य की साझा योजनाओं पर जोर दिया गया है। ग्रामीण इलाकों में 8 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास के निर्माण के लिए केंद्रीय सहायता बढ़ाई गई है। डिजिटल रजिस्ट्री से किसानों को जोड़ने के लिए डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन तेजी से लागू किया जाएगा।

अमर अग्रवाल ने बताया कि बजट में लघु उद्योगों के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे औद्योगिक क्लस्टरों को पुनर्जीवित कर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि बजट में रेल, सड़क, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया गया है।

बजट में दवाइयों की कीमतें कम करने, खादी और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने, निर्यात को प्रोत्साहित करने और विदेशी निवेश आकर्षित करने पर जोर दिया गया है। महिला सशक्तिकरण, पर्यटन क्षेत्र में 20 हजार से अधिक रोजगार और ई-बस सेवा विस्तार जैसे प्रावधान इसे केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी देश को सशक्त बनाने वाला बजट बनाते हैं।

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को माइनिंग सेक्टर का मजबूत केंद्र बनाने का लक्ष्य भी इस बजट में रखा गया है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

आज की प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, महापौर पूजा विधानी, जिला कोशाध्यक्ष गुलशन, सभापति विनोद सोनी, मीडिया प्रभारी केके शर्मा और सह-मीडिया प्रभारी दुर्गेश पांडेय सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।