सड़क पर बेकाबू सांड का आतंक, राहगीर पर हमला : हालत नाजुक, लोगों में आक्रोश.. देखें वीडियो..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में आवारा मवेशियों का खतरा एक बार फिर गंभीर रूप में सामने आया है। सरकंडा क्षेत्र में एक बेकाबू सांड ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया और एक राह चलते अधेड़ व्यक्ति पर हमला कर दिया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल व्यक्ति अपने काम से कहीं जा रहा था, तभी अचानक सांड ने उस पर हमला कर दिया। सांड ने पहले उसे दौड़ाया और फिर अपने सींगों से उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ देर तक सड़क पर ही तड़पता रहा।

देखें वीडियो..

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह सांड को वहां से भगाया और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकंडा समेत शहर के कई इलाकों में लंबे समय से आवारा मवेशियों की समस्या बनी हुई है, लेकिन प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। इस घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि आवारा मवेशियों पर नियंत्रण के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।