

रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में दो हाथियों की मौत के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से फेंसिंग वायर, वाटर पाइप सहित घटना में इस्तेमाल की गई अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार, बीते दिन कुरकुट नदी में दो हाथियों के शव तैरते हुए पाए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ रायगढ़ अरविंद पीएम के निर्देशन में एसडीओ आशुतोष मंडावा तथा प्रभारी रेंजर विक्रांत कुमार के नेतृत्व में जांच और कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान यह सामने आया कि दोनों हाथियों की मौत करंट की चपेट में आने से हुई थी। वन विभाग ने इस मामले में ग्राम पाका दरहा निवासी धरम सिंह राठिया और रामकुमार राठिया को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने खेत में सिंचाई के लिए नदी में मोटर पंप लगाया था। इसी दौरान पानी के संपर्क में आए करंट की चपेट में आने से दोनों हाथियों की दर्दनाक मौत हो गई।
वन विभाग ने मामले में आवश्यक सामग्री जब्त कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



