

बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने महिलाओं से जुड़े दो लंबित मामलों को सुलझाने में सफलता हासिल की है। इन मामलों में एक आरोपी व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज और फोटो भेजकर बदनाम करने की धमकी दे रहा था वहीं दूसरे ने रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी देते हुए फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 सितंबर 2024 को एक पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात मोबाइल धारक फेसबुक और इंस्टाग्राम से दोस्ती कर खुद को पारिवारिक सदस्य बताते हुए जबरदस्ती बातचीत करने और मिलने का दबाव बना रहा था। वह अश्लील वीडियो मैसेज और फोटो भेजकर उन्हें प्रसारित करने की धमकी भी दे रहा था। इस पर अपराध क्रमांक 1150/2024 धारा 79 बीएनएस 67(ए) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही थी।

इसी तरह 6 फरवरी 2025 को एक अन्य पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने पहले थाना सरकंडा में प्रमोद नवरत्न के खिलाफ बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसका साथी अजीत घृतलहरे नूतन चौक के पास उसका रास्ता रोककर केस वापस लेने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर उसने बदनाम करने की धमकी देते हुए फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर पीड़िता को बदनाम किया। इस पर अपराध क्रमांक 360/2025 धारा 351(2) 126(2) बीएनएस 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दोनों मामलों में फरार आरोपियों की तलाश के दौरान तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। साइबर सेल से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी निखिल दुबे को अंबिकापुर में और आरोपी अजीत कुमार घृतलहरे को घुरू अमेरी थाना सकरी में होने की सूचना मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह को तत्काल अवगत कराया गया जिन्होंने महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
इन निर्देशों का पालन करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर बिलासपुर राजेंद्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक निलेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। टावर लोकेशन के आधार पर आरोपी निखिल दुबे को अंबिकापुर से और आरोपी अजीत कुमार घृतलहरे को घुरू अमेरी से अलग अलग मामलों में गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।



