बिल्हा के रहंगी में कल जुटेगा किसानों का महाकुंभ : मुख्यमंत्री साय अंतरित करेंगे 10 हजार करोड़ की राशि..

तैयारियां पूरी : कलेक्टर और विधायक ने देर रात लिया व्यवस्थाओं का जायजा,किसानों के लिए किए गए व्यापक इंतजाम..

बिलासपुर । जिले के बिल्हा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रहांगी में कल, 28 फरवरी को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस भव्य कार्यक्रम में ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत प्रदेश के लाखों किसानों के बैंक खातों में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि का सीधा अंतरण (DBT) करेंगे। कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के कड़े इंतजाम किए हैं।

देर रात तक चला निरीक्षण का दौर..

शुक्रवार देर रात कलेक्टर संजय अग्रवाल और स्थानीय विधायक धरम लाल कौशिक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। प्रशासनिक अमले के साथ पहुंचे अधिकारियों ने मंच की मजबूती, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा घेरा और वीआईपी मूवमेंट के रूट्स का बारीकी से निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि कार्यक्रम में आने वाले किसी भी किसान को असुविधा नहीं होनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश के विभिन्न कोनों से आए किसानों से सीधा संवाद कर ‘कृषक उन्नति योजना’ के जमीनी प्रभाव और उनकी खुशहाली पर चर्चा करेंगे।

विधायक धरम लाल कौशिक ने कहा, यह कार्यक्रम किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। रहांगी में व्यवस्थाएं गरिमापूर्ण हैं और किसानों में भारी उत्साह है।

कार्यक्रम स्थल पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम तैनात कर दी गई है। बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति को देखते हुए पुलिस विभाग ने रूट चार्ट जारी किया है ताकि मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो। कलेक्टर अग्रवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने और अंतिम समय की तैयारियों को पुख्ता करने के निर्देश दिए है।