होली से पहले सिरगिट्टी पुलिस का बड़ी कार्रवाई : शांति भंग करने वाले 13 बदमाश गिरफ्तार..

बिलासपुर। आगामी होली पर्व के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग अलग मामलों में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में लंबे समय से फरार आठ वारंटी तीन चाकूबाज और दो ऐसे लोग शामिल हैं जिन पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने त्योहार के मद्देनजर जिले में शांति व्यवस्था कायम रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी थाना पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। यह टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर संदिग्धों पर नजर रख रही है।

पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने तीन ऐसे युवकों को पकड़ा जो धारदार हथियार लेकर घूम रहे थे और लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे। इनके कब्जे से तीन चाकू जब्त किए गए हैं। आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार इन आरोपियों की पहचान भैरव नगर तिफरा निवासी तारन निर्मलकर माता चौरा सिरगिट्टी निवासी सत्यनारायण यादव उर्फ बोदा और नयापारा सिरगिट्टी निवासी अमन श्रीवास के रूप में हुई है।

वहीं पुलिस ने पिछले कई वर्षों से फरार चल रहे आठ गिरफ्तारी वारंटियों को भी मुखबिर की सूचना पर धर दबोचा है। इनमें नयापारा सिरगिट्टी के राजेश ध्रुव राकेश ध्रुव पवन साहू चंदन गोस्वामी सुभाष साहू गुड़ी पारा धूमा के लोकेन्द्र तिवारी वार्ड नंबर 12 सिरगिट्टी के प्रमोद कुर्मी और विष्णु चौक तिफरा के दीप रोशन शामिल हैं।

इसके अलावा होली के दौरान मारपीट और विवाद कर अशांति फैलाने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने नयापारा निवासी सरेश यादव और विष्णु चौक तिफरा निवासी मुखीवर्मा के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल दाखिल किया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के हुड़दंगियों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की गुंडागर्दी या कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।