बिलासपुर में सनसनी : कारोबारी पर हथौड़ी से हमला, बीच सड़क से कार लूटकर फरार..राजकिशोर नगर के टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर रात 9 बजे वारदात, इलाके में दहशत..

बिलासपुर। शहर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर मंगलवार रात करीब 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक कारोबारी पर बीच सड़क पर हमला कर दिया। बदमाशों ने कारोबारी संतोष तिवारी को रोककर पहले बेरहमी से मारपीट की और फिर हथौड़ी से उनके सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उनकी मेहरून रंग की रीनॉल्ट कार (क्रमांक CG 10 AH 7707) लूटकर मौके से फरार हो गए।

सिर पर गंभीर चोट, अस्पताल में इलाज जारी..

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घायल संतोष तिवारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनके सिर में गंभीर चोट आई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।

कार में जेवर होने की चर्चा, पुलिस जांच में जुटी..

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक लूटी गई कार में सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की चर्चा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस एंगल से भी जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों को पहले से इस बात की जानकारी थी और उन्होंने सुनियोजित ढंग से वारदात को अंजाम दिया।

बदमाश छोड़ गए बाइक और कार..

घटनास्थल से पुलिस ने एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 10 P 0331) और एक अन्य कार (CG 10 BJ 8147) बरामद की है। माना जा रहा है कि वारदात में एक से अधिक आरोपी शामिल थे और वे अलग-अलग वाहनों से पहुंचे थे। हड़बड़ी में आरोपी अपने वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गए।

मैगजीन और जिंदा कारतूस मिलने से फैली दहशत..

मौके से एक मैगजीन और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। हालांकि गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन घटना के बाद इलाके में फायरिंग की अफवाह फैल गई, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के पास हथियार था या केवल डराने के उद्देश्य से साथ रखा गया था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, शहर में नाकाबंदी..

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया गया है। शहर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल..

इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोग देर रात तक सहमे रहे और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। शहर के बीचोंबीच इस तरह की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।

पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।