

बिलासपुर। केंद्रीय बजट को लेकर जिले की राजनीति में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। एक ओर भारतीय जनता पार्टी ने बजट को सभी वर्गों के लिए राहत देने वाला और देश के विकास को गति देने वाला बताया है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने इसे जनता को भ्रमित करने वाला और जमीनी हकीकत से दूर बजट करार दिया है।
कांग्रेस के जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने केंद्रीय बजट की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह बजट युवाओं, महिलाओं और आम जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा नहीं उतरता। उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार युवाओं के भविष्य और महिला सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन बजट में इन वर्गों के लिए कोई ठोस और प्रभावी प्रावधान नजर नहीं आता।
सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि भाजपा द्वारा पूरे प्रदेश में प्रचारित की जा रही बीवी जी राम जी योजना को लेकर भी बजट में कोई स्पष्ट वित्तीय प्रावधान नहीं किया गया है, जिससे यह साफ होता है कि यह योजना केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित है।
पर्यावरण के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि शहरों में लगातार बढ़ते प्रदूषण के कारण लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं और कई मामलों में लोगों की जान तक जा रही है। इसके बावजूद बजट में प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छ हवा और पर्यावरण संरक्षण के लिए कोई ठोस योजना या पर्याप्त बजटीय प्रावधान नहीं किया गया है।
कांग्रेस जिला शहर अध्यक्ष ने कहा कि यह बजट आम जनता की समस्याओं से कटा हुआ है और इसमें न तो महंगाई से राहत के ठोस उपाय हैं और न ही रोजगार सृजन को लेकर कोई स्पष्ट दिशा दिखाई देती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट केवल आंकड़ों और दावों का पुलिंदा है, जो देश की वास्तविक परिस्थितियों को छिपाने का प्रयास करता है।
देखें वीडियो..




