

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना इलाके में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मनवा गांव में छापा मारकर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से 66 लीटर से ज्यादा कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है। साथ ही पुलिस ने मौके पर करीब 200 किलो महुआ लहान भी नष्ट कर दिया है जिससे शराब बनाई जा रही थी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनवा गांव में कुछ लोग भारी मात्रा में शराब बेचने की फिराक में हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने गवाहों को साथ लेकर गांव में घेराबंदी की। पुलिस की टीम ने मौके से 50 साल के विशाल बंजारे और 40 साल के राजेंद्र बंजारे को पकड़ा। इन दोनों के पास प्लास्टिक के जरिकेन में 15 और 15 लीटर कच्ची शराब मिली। पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34 2 के तहत केस दर्ज किया है। अपराध गैर जमानती होने के कारण दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने इसी गांव के 22 साल के जान कुमार बंजारे और 37 साल के कमल बंजारे को भी गिरफ्तार किया है। जान कुमार के पास से 3 लीटर शराब और शराब बिक्री के 200 रुपए नकद मिले। वहीं कमल बंजारे के कब्जे से 3 लीटर से ज्यादा शराब और 100 रुपए नकद बरामद हुए। इन दोनों पर आबकारी एक्ट की धारा 34 1 क ख के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने जब इन चारों आरोपियों से शराब रखने के कागजात मांगे तो वे कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने पूरी शराब जब्त कर ली। यह पूरी कार्रवाई एसएसपी रजनेश सिंह एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी लालचंद मोहले के निर्देश पर पचपेड़ी थाना पुलिस ने की है। पुलिस इलाके में लगातार शराब तस्करों पर नजर रख रही है।



