

बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस जांच में जुटी..

धारदार हथियार से सिर और चेहरे पर किया गया जानलेवा हमला..
आखिरी बार दोस्तों के साथ शराब पीते दिखा था मृतक, दो संदिग्ध फरार..
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शनिवार को एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। उसकी खून से लथपथ लाश सकरी थाना क्षेत्र में बायपास रोड के किनारे एक खेत में मिली है। मृतक के सिर और चेहरे पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ग्राम संबलपुरी के रहने वाले 27 वर्षीय सतीश कौशिक के रूप में हुई है। सतीश पेशे से पेंटर था और रोज काम के लिए बिलासपुर शहर जाता था। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह वह काम पर नहीं गया। इसके बजाय, वह अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब पीकर घूम रहा था। दोपहर करीब 12 बजे तक उसे अपने एक दोस्त के साथ देखा गया था। इसके कुछ देर बाद ही खेत में उसकी अर्धनग्न लाश पड़ी मिली। गांव वालों ने इसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी।
स्निफर डॉग से मिला सुराग..
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ सर्च डॉग को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस की स्निफर डॉग ‘ज्योति’ घटनास्थल पर मिले कपड़ों को सूंघने के बाद गांव के ही दो युवकों के घर के अंदर तक गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि सतीश को आखिरी बार इन्हीं दो युवकों के साथ देखा गया था। घटना के बाद से ही दोनों संदिग्ध युवक घर से फरार हैं। पुलिस ने इस मामले में एक अन्य युवक को पकड़ा है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी साफ पता नहीं चल सका है, लेकिन फरार आरोपियों के पकड़े जाने पर जल्द ही इस मामले का खुलासा हो जाएगा।



