जेवरा जंगल से सागौन लकड़ी की बड़ी चोरी का खुलासा : सीपत पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप समेत 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार, लाखों की लकड़ी जब्त..

बिलासपुर। थाना सीपत पुलिस ने सागौन लकड़ी की अवैध कटाई और चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सागौन लकड़ी, डीजल आरा मशीन और एक पिकअप वाहन जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी 2026 की रात सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम जेवरा जंगल से कुछ लोग सागौन के पेड़ों को काटकर पिकअप वाहन में भरकर जांजगीर जिले की ओर ले जा रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए थाना सीपत से पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया।

रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन (क्रमांक CG-11 AB-0612) को घेराबंदी कर रोका। वाहन में पन्नी से ढंकी लकड़ियों की जांच करने पर 16 नग सागौन के लट्ठे बरामद किए गए। मौके पर वाहन में सवार पांचों आरोपियों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी नाम हैं –

रामचंद कुर्रे (41 वर्ष), निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा

संतोष कुमार (50 वर्ष), निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा

जय सिंह ओगरे (62 वर्ष), निवासी ठरगा बहरा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा

लिल्लू राम पटेल (56 वर्ष), निवासी महुदा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा

रघुवीर सिंह मरावी (40 वर्ष), निवासी महुदा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा

जप्त संपत्ति में शामिल हैं –

16 नग सागौन लकड़ी (कीमत लगभग 65,827 रुपये)

डीजल आरा मशीन व ब्लेड (कीमत लगभग 6,000 रुपये)

पिकअप वाहन (कीमत लगभग 1,50,000 रुपये)

जब्त की गई कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 2,21,827 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन संपदा की चोरी का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

सीपत पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटाई करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जंगलों की सुरक्षा के लिए आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।