रतनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : बैंक में हाथ साफ करने वाला कवर्धा का शातिर पॉकेटमार गिरफ्तार, 33 हजार बरामद..

बिलासपुर। जिला सहकारी बैंक में किसानों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ करने वाले एक आदतन अपराधी को रतनपुर पुलिस ने पड़ोसी जिले कबीरधाम (पण्डरिया) से धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर बैंक के भीतर पॉकेटमारी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 33,000 रुपये बरामद कर लिए हैं।

भीड़ का फायदा उठाकर उड़ाए थे 35 हजार रुपये..

घटना बीते 2 मार्च की है, जब रैनपुर (कर्रा) निवासी छतलाल कैवर्त और जूनाशहर रतनपुर निवासी कमलेश कुमार अपने धान बिक्री की राशि निकालने जिला सहकारी बैंक की रतनपुर शाखा पहुंचे थे। छतलाल ने 18,000 रुपये और कमलेश ने 17,000 रुपये निकालकर अपने पास रखे थे। बैंक में मौजूद भीड़ का लाभ उठाते हुए एक अज्ञात शातिर ने बड़ी सफाई से दोनों के जेब से कुल 35,000 रुपये पार कर दिए।

अगले दिन 3 मार्च को पीड़ितों ने रतनपुर थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

CCTV फुटेज और मुखबिरों ने खोला राज..

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने बैंक और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय हुलिए के मिलान के दौरान संदेही की पहचान पण्डरिया निवासी सुरेन्द्र संवरा ऊर्फ सोमारू (20 वर्ष) के रूप में हुई।

शिनाख्त पुख्ता होते ही पुलिस टीम ने कबीरधाम के पण्डरिया स्थित संवरा मोहल्ला में दबिश दी। घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि चोरी की गई रकम में से 2,000 रुपये उसने निजी खर्चों में उड़ा दिए थे, जबकि शेष 33,000 रुपये पुलिस ने उसके पास से बरामद कर लिए हैं।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी..

गिरफ्तार आरोपी सुरेन्द्र संवरा को वैधानिक कार्रवाई के उपरांत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस सफल ऑपरेशन में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के साथ प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, सउनि नीलाकर सेठ, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक धीरज कश्यप और कीर्ति पैकरा की मुख्य भूमिका रही।