कोरबा जिला में अवैध लकड़ी परिवहन पर बड़ी कार्रवाई : कटघोरा वनमंडल की टीम ने ट्रक समेत 15 नग साल लट्ठे किए जब्त, चालक फरार..

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत पसान वनपरिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की साल लकड़ी और एक ट्रक जब्त किया है। यह कार्रवाई शनिवार 21 फरवरी की देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम रामपुर क्षेत्र के राजस्व इलाके में काटी गई साल प्रजाति की लकड़ी को ट्रक के माध्यम से परिवहन किया जा रहा था। सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। उप वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी पसान, वनपाल ईश्वरदास मानिकपुरी, वनपाल कौशल प्रसाद द्विवेदी तथा सुरक्षा श्रमिक भीमसेन सहित वन अमले ने तत्काल घेराबंदी कर अभियान शुरू किया।

रात्रि लगभग 1:40 बजे कक्ष क्रमांक ओ.ए. 650 क्षेत्र में संदिग्ध वाहन का पीछा किया गया। रामपुर से धवलपुर मार्ग पर कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद वाहन चालक ट्रक को सड़क किनारे लावारिस हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

मौके पर जांच करने पर ट्रक से साल प्रजाति के कुल 15 नग लट्ठे बरामद किए गए। जब्त लकड़ी की मात्रा लगभग 6.50 घन मीटर आंकी गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। वहीं जब्त ट्रक की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।

वन विभाग ने ट्रक क्रमांक एमपी 17 एचएच 3677 को जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। वाहन को भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 52, 55, 42(आई)(ई) तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम की धारा 3 एवं 16 के तहत जब्त कर परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया है।

कटघोरा वनमंडल के डीएफओ निशांत कुमार ने बताया कि जब्त वाहन के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद अवैध वन कटाई में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। वन विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे वन अपराध की किसी भी जानकारी को तत्काल विभाग को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।