मस्तुरी में महिला की साड़ी पर कचरा फेंककर उड़ाए एक लाख रुपये..महासमुंद का शातिर चोर गिरफ्तार..

बिलासपुर/मस्तुरी। जिला सहकारी बैंक से पैसा निकालकर जा रही एक बुजुर्ग महिला को झांसा देकर एक लाख रुपये पार करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मस्तुरी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने घेराबंदी कर महासमुंद के शातिर चोर और उसके नाबालिग साथी को छत्तीसगढ़ ओडिशा बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महिला का ध्यान भटकाने के लिए उसकी साड़ी पर कचरा फेंक दिया था और जब महिला कपड़े साफ करने लगी तो पैसों से भरा थैला लेकर रफूचक्कर हो गए। बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने फिलहाल 20 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।

बैंक से निकलते ही पीछे लग गए थे चोर..

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थिया प्रेम कुमारी कुर्रे 30 दिसंबर को अपने घर से मस्तुरी के जिला सहकारी बैंक पहुंची थी। वहां से उसने 1 लाख 2 हजार रुपये निकाले और पैदल ही स्टेट बैंक की तरफ जाने लगी। इसी दौरान संतोष किराना दुकान के पास अज्ञात चोरों ने महिला की साड़ी पर गंदा कचरा फेंक दिया। महिला को लगा कि कहीं से गंदगी गिर गई है। वह पास ही एक पेड़ के नीचे थैला रखकर साड़ी धोने लगी। बस इसी मौके की तलाश में बैठे चोरों ने हाथ साफ कर दिया और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए।

सीसीटीवी फुटेज ने खोल दी पोल..

घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस की टीम ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो दो संदिग्ध युवक नजर आए। तकनीकी जांच में पता चला कि आरोपी सचिन ध्रुव और उसका एक नाबालिग साथी इस वारदात में शामिल हैं। पुलिस ने इनका पीछा किया और महासमुंद जिले के खल्लारी इलाके के रहने वाले सचिन ध्रुव को पकड़ लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी सचिन ध्रुव पिता राजेश ध्रुव की उम्र 22 साल है और वह ग्राम भीमखोज का रहने वाला है।

पुलिस की सलाह : बैंक के बाहर रहें सतर्क..

मस्तुरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालकर जाते समय अकेले न रहें। रास्ते में अगर कोई अनजान व्यक्ति कपड़ों पर गंदगी गिरने की बात कहे या ध्यान भटकाने की कोशिश करे तो तुरंत सावधान हो जाएं। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए आरोपी सचिन को जेल भेज दिया है और नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। चोरी की बाकी रकम की तलाश की जा रही है।