कांकेर में भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार दो कारों की जोरदार भिड़ंत, शादी से लौट रहे एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत 3 की हालत गंभीर..

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गुरुवार देर रात एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां नेशनल हाईवे 30 पर दो कारों की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में तीन महिलाएं दो पुरुष और एक मासूम बच्चा शामिल है। वहीं दोनों कारों में सवार 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह दर्दनाक घटना कांकेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नाथिया नवागांव के पास की है। मिली जानकारी के मुताबिक मरने वाला परिवार चारामा इलाके के उड़कुड़ा गांव का रहने वाला था। मंडावी परिवार के ये सभी सदस्य चीवरांज गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी की खुशियों के बाद पूरा परिवार गुरुवार रात करीब 11 बजे अपनी कार से वापस अपने गांव उड़कुड़ा लौट रहा था। तभी नेशनल हाईवे पर नाथिया नवागांव के पास सामने से आ रही एक दूसरी तेज रफ्तार कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।

हादसा इतना भयानक था कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। गाड़ियां बुरी तरह से पिचक गईं और लोग अंदर ही फंस गए। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों गाड़ियां काफी तेज रफ्तार में थीं जिस वजह से यह भयानक हादसा हुआ। टक्कर के बाद मंडावी परिवार की कार में सवार सभी 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रात के अंधेरे में सड़क पर चीख पुकार मच गई। दूसरी कार में सवार लोग भी बुरी तरह फंस गए थे जिन्हें लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

हादसे की खबर मिलते ही कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया।पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है। एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे में 6 लोगों की जान गई है और तीन घायल हैं।

सड़क हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ था जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों को किनारे करवा कर फिर से चालू कराया। फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।पुलिस मृतकों की पूरी पहचान और अन्य जरूरी जानकारियां जुटा रही है। हादसे की खबर जैसे ही उड़कुड़ा गांव पहुंची वहां मातम पसर गया। शादी की खुशियां पल भर में खत्म हो गईं और पूरे गांव में शोक की लहर है।