

राजिम। पवित्र त्रिवेणी संगम की धरती पर आयोजित राजिम कुंभ मेला में श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। राजिम भक्तिन माता समिति द्वारा आयोजित भोग भंडारे का 14वां दिवस अत्यंत भक्ति, उत्साह और सामाजिक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन स्थल पर भक्ति का वातावरण बना रहा।

इस पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे पंडित श्यामा चरण शुक्ल की पुण्य स्मृति में उनके सुपुत्र एवं छत्तीसगढ़ के प्रथम पंचायत मंत्री रहे अमितेश शुक्ला ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति..

भोग भंडारे में राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व विधायक लेखराम साहू, एम्स की स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं साहू समाज के चिकित्सा प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. आकांक्षा साहू, अत्री महाराज, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पवन सोनकर, सेवानिवृत्त फौजी शंभू साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इटली से आए विदेशी अतिथि और बजरंग बली की वेशभूषा में पहुंचे श्रद्धालु भी आकर्षण का केंद्र बने।
कार्यक्रम की शुरुआत माता राजिम की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती से हुई। इसके बाद अतिथियों ने स्वयं सेवा करते हुए हजारों श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भोजन प्रसाद वितरित किया और सभी ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद..
भंडारे में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन सलगबरा, दाल-चावल, सब्जी और अचार परोसे गए। भोजन करते हुए पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला ने कहा कि सलगबरा छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय पारंपरिक व्यंजन है, जिसे स्वर्गीय श्यामा भैया विशेष रूप से पसंद करते थे।
सम्मान और सेवा का संदेश..

इस अवसर पर समिति द्वारा डॉ. आकांक्षा साहू, डॉ. यशस्वी साहू और सेवानिवृत्त फौजी शशंभू साहू का विशेष सम्मान किया गया।
डॉ. आकांक्षा साहू ने अपने संबोधन में कहा कि राजिम कुंभ मेला में आए हजारों श्रद्धालुओं को भरपेट भोजन कराना पुण्य का कार्य है। उन्होंने समिति को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि उन्हें यहां सेवा का अवसर मिलना गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि वे छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर जनजागरूकता और सेवा कार्य करती रही हैं।
समिति ने जताया आभार..

कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष लाला साहू, महामंत्री रामकुमार साहू सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
समिति ने भोग भंडारे में पधारे सभी अतिथियों और हजारों श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

राजिम कुंभ मेला में आयोजित यह भोग भंडारा श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।



