पेंड्रा में मुख्य मार्ग से शराब दुकान हटाने की मांग तेज, 20 दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी..

पेंड्रा (छत्तीसगढ़): बिलासपुर मुख्य मार्ग पर स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर विरोध तेज हो गया है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और मातृशक्ति दुर्गावाहिनी की जिला इकाई ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। संगठनों ने साफ कहा है कि 20 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन में बताया गया है कि शराब दुकान के पास ही डॉ. भवर सिंह पोर्ते कॉलेज स्थित है। यहां पढ़ने आने वाली छात्राओं और छात्रों को रोजाना नशे में धुत लोगों की मौजूदगी के कारण असहज और असुरक्षित माहौल का सामना करना पड़ता है। इससे न केवल शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है, बल्कि आम लोगों की आवाजाही भी मुश्किल हो गई है।

संगठनों का कहना है कि दुकान के बाहर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे मुख्य मार्ग का माहौल खराब हो चुका है। नशे की हालत में लोग यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं, गलत पार्किंग करते हैं और अक्सर विवाद की स्थिति बनती है। इसके कारण आए दिन झगड़े और सड़क दुर्घटनाएं भी सामने आ रही हैं।

इस संबंध में संत स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य जी महाराज सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष सरोज पवार, बजरंग दल के जिला संयोजक सागर पटेल, दुर्गावाहिनी की आकांक्षा साहू, मातृशक्ति की प्रिया त्रिवेदी, निखिल परिहार, प्रदीप कुमार, बृजेश सोनी, अनुराग पांडे, रविन्द्र कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रशासन ने ज्ञापन मिलने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल लोगों की नजर अब प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।