दैहानपारा : कचरे के ढेर में लगी भीषण आग, 2 कारें जलकर खाक ; निगम की लापरवाही पर फूटा लोगों का गुस्सा..

बिलासपुर। गर्मी शुरू होते ही आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। दैहानपारा के मेघदूत नगर में कचरे के बड़े ढेर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी दो कारों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दोनों गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग..

आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और बड़ा हादसा टल गया।

निगम की अनदेखी से नाराज हैं लोग..

इलाके के लोगों ने बताया कि कॉलोनी में लंबे समय से कचरे का ढेर लगा हुआ था। यहां नियमित रूप से सफाई नहीं होती है। इसी कचरे में अचानक आग भड़क गई। मोहल्ले के लोगों ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर नगर निगम प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों ने चेतावनी देते हुए मांग की है कि इलाके की सफाई व्यवस्था जल्द से जल्द ठीक की जाए