रेलवे ट्रैक पर पत्थर रखकर ट्रेन पलटाने की साजिश : ट्रेन मैनेजर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा..

बिलासपुर।बिलासपुर कटनी रेल रूट पर एक बड़ी रेल दुर्घटना की साजिश को नाकाम कर दिया गया है। कुछ असामाजिक तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर पत्थर रखकर ट्रेन को पटरी से उतारने की कोशिश की थी। समय रहते ट्रेन मैनेजर की नजर इन पत्थरों पर पड़ गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना अमलाई और बुढ़ार रेलवे स्टेशन के बीच की है। यहां अप लाइन पर पटरियों के बीच इस्तेमाल होने वाले गिट्टी के बड़े पत्थर ट्रैक पर संदिग्ध तरीके से रखे गए थे। सामने से ट्रेन आ रही थी। ट्रेन मैनेजर ने जैसे ही ट्रैक पर इन पत्थरों को देखा तो तुरंत सतर्कता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगवाकर ट्रेन को रोक दिया।

ट्रेन रुकने के बाद रेलवे के कर्मचारियों ने तुरंत ट्रैक से सारे पत्थर हटाए और लाइन को साफ किया। ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित होने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही ट्रेन को आगे बढ़ने के लिए ग्रीन सिग्नल दिया गया। इस पूरी घटना से रेल महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे की इंजीनियरिंग टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया और अपनी जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इसे ट्रेन को पलटाने के लिए रची गई एक बड़ी साजिश माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुट गई हैं कि ट्रैक पर पत्थर किसने और किस मकसद से रखे थे। आरोपी की तलाश की जा रही है।