छत्तीसगढ़ कांग्रेस की आज बड़ी बैठक : चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगे भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव..

रायपुर ।छत्तीसगढ़ कांग्रेस आज चुनावी तैयारियों को लेकर एक बड़ी बैठक करने जा रही है। यह अहम बैठक दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज इस बैठक की कमान संभालेंगे। इस बैठक में पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं से लेकर बड़े नेताओं तक सभी मौजूद रहेंगे।

आने वाले चुनाव को देखते हुए यह बैठक बुलाई गई है। इसमें कांग्रेस के कई दिग्गज नेता हिस्सा लेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव शामिल होंगे। इन सभी बड़े चेहरों की मौजूदगी से यह बैठक काफी खास हो गई है। यहां पार्टी अपनी आगे की चुनावी रणनीति और दिशा निर्देशों पर खुलकर चर्चा करेगी।

इस बैठक का सीधा मकसद पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। नेताओं का पूरा फोकस इस बात पर रहेगा कि चुनाव से पहले जिला और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को कैसे एकजुट किया जाए। इसके साथ ही पार्टी के अलग अलग कार्यक्रमों और अभियानों का पूरा रोडमैप भी तैयार किया जाएगा।

कांग्रेस पार्टी चाहती है कि चुनाव से पहले हर एक कार्यकर्ता पूरी तरह से सक्रिय हो जाए। इस बैठक में पूरे राज्य से जिला और बूथ स्तर के कार्यकर्ता भी हिस्सा ले रहे हैं।जमीनी स्तर के इन कार्यकर्ताओं की भागीदारी से पार्टी अपने संगठन को नई ताकत देना चाहती है।

चुनाव से ठीक पहले कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने और उन्हें जीत का मंत्र देने के लिए यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलग अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी जा सकती हैं ताकि प्रचार में कोई कमी ना रहे। कुल मिलाकर कांग्रेस अब पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी है।