

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 24 फरवरी को विधानसभा में वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश किया। इस बजट में युवा, किसान, कृषि क्षेत्र और प्रदेश के समग्र विकास को प्राथमिकता दी गई है। सरकार ने इसे विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

बजट में सड़क निर्माण के विस्तार, सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने, कृषि उत्पादों के संवर्धन तथा युवाओं के लिए शिक्षा और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए नई योजनाओं और प्रावधानों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई है, ताकि विकास की गति तेज हो और अधिक से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिल सके।
इन्हीं महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला स्तर पर प्रेस वार्ताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बिलासपुर स्थित भाजपा कार्यालय में पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने पत्रकारों से बातचीत की।
प्रेस वार्ता में अमर अग्रवाल ने बजट की प्रमुख विशेषताओं को विस्तार से बताया और इसे प्रगतिशील एवं जनहितैषी बजट करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का रोडमैप है। उनके अनुसार सरकार किसान, महिलाएं, युवा और समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है, जिसका सकारात्मक असर बीते दो वर्षों में साफ दिखाई दे रहा है।
उन्होंने पार्टी के संकल्प ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास के एजेंडे पर प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है। प्रेस वार्ता में बजट से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई और इसे प्रदेश के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला बताया गया।



