

बिलासपुर। शहर के बिलासपुर में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को चुनौती देती एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच सरकंडा से कोनी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर कुछ युवक-युवतियों द्वारा सड़क पर ही केक काटकर और आतिशबाजी कर जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

देखें वॉयरल वीडियो..
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवा सड़क में खड़े होकर पटाखे जला रहे हैं और जश्न मना रहे हैं, जिससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बढ़ रही है। हैरानी की बात यह है कि हाल के दिनों में इसी मार्ग पर युवाओं के साथ मारपीट और लूटपाट जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद इस तरह की लापरवाही भरी हरकतें जारी हैं।
देखें वॉयरल वीडियो..
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर रात के समय असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में सड़क पर जश्न मनाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने जैसा है। बार-बार कानूनी कार्रवाई की खबरें आने के बावजूद कुछ युवाओं में न तो शासन-प्रशासन का भय दिख रहा है और न ही पुलिस का।
नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित युवाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। साथ ही, रात के समय इस मार्ग पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग उठाई गई है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
शहरवासियों का मानना है कि सार्वजनिक स्थानों पर जश्न मनाने के नाम पर कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना बेहद जरूरी है, वरना यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।



