

बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि होने के बाद प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित पोल्ट्री फार्म के 1 किलोमीटर के दायरे को ‘इन्फेक्टेड जोन’ (संक्रमित क्षेत्र) और 1 से 10 किलोमीटर के इलाके को ‘सर्विलांस जोन’ (निगरानी क्षेत्र) घोषित कर दिया है। इन इलाकों में मुर्गी और अंडे की बिक्री, ट्रांसपोर्ट, और डोर-टू-डोर डिलीवरी पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

मुख्य बातें एक नजर में :
क्या हुआ : बिलासपुर में बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि।
पाबंदी : 10 किमी के दायरे में मुर्गी-अंडे की बिक्री और सप्लाई बंद।
कार्रवाई : संक्रमित पक्षियों को वैज्ञानिक तरीके से मारा जाएगा।
हेल्पलाइन : जिला कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए गए।
रात में ही कलेक्टर और SSP ने किया मुआयना..
बर्ड फ्लू की रिपोर्ट आते ही प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। मंगलवार (24 मार्च) देर रात कलेक्टर संजय अग्रवाल और SSP रजनेश सिंह ने सबसे ज्यादा प्रभावित कोनी इलाके का दौरा किया। उनके साथ जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद थे। अधिकारियों ने स्वास्थ्य, पशुपालन और नगर निगम की टीमों को मौके पर ही जरूरी हिदायतें दीं।
संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कोनी इलाके को ‘कंटेनमेंट जोन’ बना दिया गया है। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि इस इलाके में लोगों की अनावश्यक आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाई जाए।
संक्रमित मुर्गियों को मारा जाएगा, इलाके में होगी स्वास्थ्य जांच..

कलेक्टर ने पशुपालन विभाग को साफ निर्देश दिए हैं कि संक्रमित पोल्ट्री और पक्षियों को वैज्ञानिक तरीके से मारा जाए (किलिंग) और उनका सुरक्षित निपटान किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग की टीमों को इलाके में रहने वाले लोगों की सेहत की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर किसी भी व्यक्ति में बर्ड फ्लू के लक्षण दिखते हैं, तो उसके इलाज की तुरंत व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम की टीम पूरे इलाके में सफाई और सैनिटाइजेशन का काम कर रही है।
ये इलाके इन्फेक्टेड जोन में शामिल..
प्रशासन के आदेश के मुताबिक, रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड को मुख्य रूप से इन्फेक्टेड जोन माना गया है। इसके आसपास के बाकी वार्डों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन सभी जगहों पर मुर्गे-अंडे की दुकानें अगले आदेश तक बंद रहेंगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति इन नियमों को तोड़ेगा, उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
अफवाहों पर न दें ध्यान, यहां करें संपर्क..
SSP रजनेश सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचें और केवल प्रशासन की बातों पर भरोसा करें।
अगर इलाके में कोई पक्षी संदिग्ध हालत में मिलता है या आपको कोई जानकारी चाहिए, तो आप जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम में फोन कर सकते हैं :
डॉक्टर जीएस तंवर (प्रभारी) : 88278-17931
डॉक्टर वीरेंद्र पिल्ले (उप प्रभारी): 94061-58769



