बिलासपुर : सकरी पुलिस ने ब्राउन शुगर और गांजे के साथ दो तस्करों को दबोचा..

बिलासपुर। जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सकरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का तीसरा सदस्य पहले से ही अन्य मामले में जेल में निरुद्ध है। पकड़े गए आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर, गांजा और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर आसमा सिटी में दबिश..

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देशानुसार शहर में नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सकरी पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी। मुखबिर ने सूचना दी कि हामिद अंसारी नामक व्यक्ति आसमा सिटी, मेंड्रा रोड के पास पारदर्शी जिपर में ब्राउन शुगर रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय चौधरी की टीम ने मौके पर दबिश दी और हामिद अंसारी को हिरासत में लिया।

तलाशी में मिला ब्राउन शुगर, पूछताछ में खुले कई राज..

आरोपी हामिद अंसारी की तलाशी लेने पर उसके पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 3,500 रुपये) और एक मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह ईशान मंडलोई और अमन तिवारी के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ब्राउन शुगर, गांजा और अवैध हथियार खरीदकर बिलासपुर में खपाता था।

आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने रामा लाइफ सिटी स्थित ईशान मंडलोई के मकान पर छापेमारी की। वहां से पुलिस ने 25 ग्राम गांजा, 4 नग चीलम और 2 नग लाइटर जब्त किए। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई अवैध हथियार बरामद नहीं हुआ। मौके से पुलिस ने अमन तिवारी को भी अपनी अभिरक्षा में लिया।

जब्त सामग्री और आरोपियों का विवरण..

पुलिस द्वारा की गई इस संयुक्त कार्यवाही में कुल 19,500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

जब्ती: 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर, 25 ग्राम गांजा, और 2 मोबाइल फोन।

गिरफ्तार आरोपी :

1. हामिद अंसारी (33 वर्ष), निवासी तालापारा, सिविल लाइन।

2.अमन तिवारी (24 वर्ष), निवासी मंगला, बिलासपुर।

गिरोह का तीसरा सदस्य ईशान मंडलोई वर्तमान में आर्म्स एक्ट के एक पुराने मामले में जेल में बंद है।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी..

सकरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए), 22(ए), 20(ए), 27 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। आवश्यक कागजी कार्यवाही के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।