

बिलासपुर।बिलासपुर पुलिस ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक पर जानलेवा हमला कर करोड़ों की ज्वेलरी और कार लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, सोने के आभूषण, हथियार और तीन चारपहिया वाहन बरामद किए हैं।


यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम..

17 फरवरी 2026 की रात करीब 9:15 बजे महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर अपनी रेनॉल्ट क्विड कार से घर जा रहे थे। रास्ते में अंधा मोड़ के पास एक मारुति ईको कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी। जैसे ही वे बाहर निकले, आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर उन पर हमला कर दिया। कट्टे की बट और हथौड़ी से सिर व शरीर पर गंभीर वार किए गए।आरोपी उनकी कार में रखे चार बैग लूटकर फरार हो गए। इन बैगों में लगभग 2 किलो सोना, 200 ग्राम सोने के जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड और 3.5 लाख रुपये नकद थे। लूट के बाद आरोपी क्विड कार छोड़कर दूसरी गाड़ी से भाग निकले।
उत्तर प्रदेश तक पीछा, मिर्जापुर में गिरफ्तारी..

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज, साइबर इनपुट और लोकल सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जानकारी मिली कि आरोपी उत्तर प्रदेश की ओर भागे हैं। बिलासपुर पुलिस की टीम ने पीछा करते हुए थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।पूछताछ में पूरे गिरोह के गहरे राज खुले। बाद में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रॉपर्टी विवाद में रची गई थी हत्या की साजिश..
जांच में सामने आया कि यह गिरोह पहले भी बड़ी वारदात की योजना बना चुका था। दिसंबर 2025 में एक कारोबारी की सुपारी लेकर हत्या और लूट की साजिश रची गई थी, लेकिन योजना असफल रही।
इसके अलावा 19 दिसंबर 2025 को एक होटल कारोबारी को लूटने का प्रयास किया गया।
सदर बाजार क्षेत्र में एक ज्वेलर्स की दुकान में त्योहार के दौरान सेंधमारी की योजना भी बनाई गई थी। गिरोह के सदस्य विभिन्न राज्यों से बुलाए गए थे और पहले रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपियों से निम्न सामान बरामद किया है :

₹5,33,000 नगद
01 देशी कट्टा व 01 जिंदा कारतूस
06 धारदार चाकू
06 मोबाइल फोन
01 मारुति ईको कार
01 रेनॉल्ट क्विड कार
01 महिंद्रा स्कॉर्पियो
लूट की पूरी मशरूका संपत्ति बरामद कर ली गई है।

कई राज्यों में फैला नेटवर्क..
गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य पहले से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देते थे।
मामले में सरकंडा थाने में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के अहरौरा थाने में भी पुलिस पर हमला और अवैध हथियार रखने के मामले दर्ज हुए हैं।
उत्कृष्ट कार्य पर पुलिस टीम सम्मानित..

गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई, आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और मशरूका बरामद करने में अहम भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम की सराहना की गई है। आईजी और एसएसपी ने टीम को नगद इनाम देने की घोषणा की है।

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध और अंतरराज्यीय गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



