

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ का दूसरा सबसे बड़ा और अहम जिला होने के बावजूद बिलासपुर पुलिस लंबे समय से अंग्रेजों के जमाने के पुराने और जर्जर भवनों में काम करने को मजबूर थी। लेकिन अब जिले की पुलिस को आधुनिक सुविधाएं मिलने लगी हैं। रविवार, 29 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी सौगात दी। सीएम ने नवनिर्मित रक्षित आरक्षी केंद्र (रिजर्व पुलिस लाइन सेंटर) भवन का उद्घाटन किया। नए भवन के बनने से पुलिस के कामकाज में तेजी आएगी और जवानों को बेहतर माहौल मिलेगा।

प्रशासनिक नजरिए से देखा जाए तो बिलासपुर पुलिस के लिए यह एक बड़ा बदलाव है। नई बिल्डिंग से पुलिस विभाग की सभी जरूरी शाखाएं अब एक ही जगह से सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से काम कर सकेंगी।
एक ही जगह से होगा पूरा कंट्रोल..

रक्षित आरक्षी केंद्र किसी भी जिले की पुलिस का मुख्य आधार होता है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना हो, वीआईपी (VIP) की सुरक्षा हो या फिर कोई अचानक आई आपात स्थिति, इन सभी हालात में फोर्स का कंट्रोल यहीं से होता है। नई बिल्डिंग बनने से पुलिस को अपना काम और बेहतर ढंग से करने में मदद मिलेगी।
हथियारों और गाड़ियों का सुरक्षित रखरखाव..
पुलिस जवानों के लिए गाड़ियां, ईंधन, ड्यूटी के दौरान इस्तेमाल होने वाले जरूरी उपकरण, हथियार (आर्म्स और एम्युनेशन) और वर्दी की व्यवस्था इसी केंद्र से होती है। नया भवन बनने से हथियारों और महंगे उपकरणों को सुरक्षित रखना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा। इसके अलावा जवानों की पीटी परेड, उनकी ट्रेनिंग, फिटनेस और उनके परिवारों की भलाई से जुड़े काम भी यहां से बेहतर तरीके से चलाए जा सकेंगे। इन सभी कामों को संभालने की जिम्मेदारी रक्षित निरीक्षक (RI) की होती है।
एसपी ऑफिस और थानों की भी बदल रही तस्वीर..
जिले में पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह लगातार कोशिश कर रहे हैं। उनके प्रयासों से रक्षित केंद्र के अलावा भी कई बड़े काम हुए हैं। जिले में नया शहीद स्मारक और किशोर बालक अनुसंधान इकाई (AJPU) का ऑफिस बनकर तैयार हो चुका है।
इसके साथ ही पुलिस विभाग के कई और काम अंतिम चरण में हैं। नया पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय और पचपेड़ी थाने का भवन कुछ ही दिनों में बनकर तैयार हो जाएगा। वहीं, जवानों और अधिकारियों के रहने के लिए 110 नए क्वार्टर, एक सामुदायिक भवन, केंदा पुलिस चौकी और कोटा व बिलासपुर के एसडीओपी (SDOP) के लिए नए आवास का निर्माण कार्य भी बहुत जल्द शुरू होने वाला है।
कुल मिलाकर, बिलासपुर पुलिस अब पुराने और खस्ताहाल ढांचों से निकलकर एक आधुनिक और स्मार्ट पुलिसिंग की ओर कदम बढ़ा रही है, जिससे आम जनता को भी बेहतर सुरक्षा और सेवाएं मिल सकेंगी।



