

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर को खेल जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। राज्य का एकमात्र अत्याधुनिक स्पोर्ट्स परफॉरमेंस एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर अब बिलासपुर में शुरू हो गया है। नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्थित इस सेंटर का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। इस अवसर पर विधायक धर्मजीत सिंह,धरमलाल कौशिक एवं सुशांत शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।

खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर मिलेंगी सभी आधुनिक सुविधाएं..
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह सेंटर खिलाड़ियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। यहां खिलाड़ियों को एक ही छत के नीचे आधुनिक चिकित्सा, प्रशिक्षण और रिहैबिलिटेशन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि अपनी शारीरिक क्षमता और सीमाओं को समझे बिना किसी भी खेल में सफलता संभव नहीं है। यह सेंटर खिलाड़ियों को उनकी क्षमता पहचानने और बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेगा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि यह सेंटर आधुनिक खेल विज्ञान आधारित तकनीकों, अनुभवी डॉक्टरों की टीम और प्रशिक्षित स्टाफ से सुसज्जित है। यह जिले के साथ-साथ पूरे राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अविक स्पोर्ट्स खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
खिलाड़ियों को समर्पित अविक स्पोर्ट्स हेल्थ एंड फिटनेस..
अविक स्पोर्ट्स हेल्थ एंड फिटनेस संस्था कई वर्षों से खिलाड़ियों के परफॉरमेंस एनहांसमेंट और रिहैबिलिटेशन के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
डॉ. अविनाश जायसवाल के कुशल मार्गदर्शन में इस संस्थान ने अब तक सैकड़ों खिलाड़ियों को खेल चोटों से उबरने और बेहतर प्रदर्शन में सहायता दी है। अब यह सेंटर नए स्थान, आधुनिक साज-सज्जा और अत्याधुनिक तकनीकों के साथ एक नई शुरुआत कर रहा है।
वैज्ञानिक तकनीक से चोटों की पहचान और संपूर्ण उपचार..
इस स्पोर्ट्स परफॉरमेंस लैब की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां खिलाड़ियों की चोटों की वैज्ञानिक तरीके से सटीक पहचान की जाती है और जड़ से उपचार कर उन्हें पूरी तरह ‘रेडी टू प्ले’ बनाया जाता है।
यहां जिम ट्रेनिंग, व्यक्तिगत डाइट प्लान, न्यूट्रिशन सपोर्ट, इंजरी प्रिवेंशन, साइंटिफिक ट्रीटमेंट और रिहैबिलिटेशन जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर..
यह सेंटर न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे खिलाड़ियों का प्रदर्शन वैज्ञानिक विश्लेषण और आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों के माध्यम से नए स्तर तक पहुंचेगा।यह पहल राज्य की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर किशोर राय, अन्य जनप्रतिनिधि, खेल संघों के पदाधिकारी, खेल अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



