बिलासपुर : अचानकमार टाइगर रिजर्व में उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आगमन, 5 नए सफारी वाहनों का शुभारंभ..

शिवतराई बैगा रिसॉर्ट में भव्य स्वागत, महिला स्व-सहायता समूह और वाइल्ड लाइफ स्निफर डॉग ने किया सम्मान..

बिलासपुर।19 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव का अचानकमार टाइगर रिजर्व स्थित शिवतराई बैगा रिसॉर्ट में आगमन हुआ। उनके पहुंचते ही शिवतराई ग्राम के स्थानीय छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक लोक नृत्यों के माध्यम से आत्मीय स्वागत किया। पूरा परिसर जनजातीय संस्कृति और उत्साह से सराबोर नजर आया।

उप मुख्यमंत्री ने इस दौरान सदा सोहागी महिला स्व-सहायता समूह, सिवलखार द्वारा संचालित टाइगर केंटीन और सोविनियर शॉप का निरीक्षण किया। सोविनियर शॉप में समूह की महिला सदस्यों के साथ कु. रागिनी धुर्वे (गोंडी आर्ट पेंटिंग) एवं कु. तान्या मरावी ने अचानकमार टाइगर रिजर्व का प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। मंत्री ने महिलाओं के आत्मनिर्भरता प्रयासों की सराहना की और इसे ग्रामीण सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

इस अवसर पर वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा के लिए तैनात प्रशिक्षित वाइल्ड लाइफ स्निफर डॉग ‘नीतू’ ने सलामी देकर उप मुख्यमंत्री का सम्मान किया। नीतू द्वारा किए जा रहे सर्चिंग और सुरक्षा कार्यों की मंत्री ने प्रशंसा की और कहा कि वन्यजीव संरक्षण में ऐसी प्रशिक्षित टीमों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने अचानकमार, सिवलखार और रंजकी वन प्रबंधन समितियों द्वारा क्रय किए गए 5 नए “योद्धा” (महारानी) सफारी वाहनों का संबंधित समिति अध्यक्षों को चाबी सौंपकर शुभारंभ किया। साथ ही स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन टीम को ट्रेकिंग शू और टॉर्च वितरित किए, ताकि वे जंगल में गश्त और सुरक्षा कार्य बेहतर ढंग से कर सकें।

कार्यक्रम में वरिष्ठ महावत शिवमोहन राजवाड़े को भी हाथियों के संरक्षण, देखभाल और कल्याण में उनके दीर्घकालीन एवं समर्पित योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

नए सफारी वाहनों के शुरू होने से पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी और जंगल सफारी का अनुभव और भी रोमांचक होगा। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि से स्थानीय निवासियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदायों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि विकास और संरक्षण साथ-साथ आगे बढ़ सकें।