

बिलासपुर । सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को सघन चेकिंग अभियान चलाकर अपराधियों पर नकेल कसी है। राह चलते लोगों को चाकू दिखाकर डराने वाले दो युवकों को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। वहीं शहर के विभिन्न इलाकों में शांति भंग करने वाले 11 असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

ओवरब्रिज और मंदिर के पास मचा रहे थे दहशत..
पुलिस के अनुसार शुक्रवार 27 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उसलापुर ओवरब्रिज के नीचे एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने जाने वाले लोगों को डरा धमका रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महामाया पार्क मंगला निवासी 25 वर्षीय यश छाबड़ा को धर दबोचा।
इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई में मिनीमाता नगर स्थित साईं मंदिर के पास राहगीरों को चाकू लहराकर भयभीत करने वाले 25 वर्षीय राहुल पुरी गोस्वामी को गिरफ्तार किया गया। राहुल मिनीमाता नगर का ही रहने वाला है। सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
सरप्राइज चेकिंग में धरे गए 11 असामाजिक तत्व..
चाकूबाजों पर कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने शहर में सरप्राइज चेकिंग अभियान भी चलाया। कुदुदंड उसलापुर और चांटापारा क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों द्वारा अशांति फैलाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस की अलग अलग टीमों ने दबिश देकर इन इलाकों से 11 लोगों को हिरासत में लिया।
शांति भंग करने के आरोप में पकड़े गए युवकों में मंगला आजाद चौक निवासी दीपक सूर्यवंशी राज सूर्यवंशी और राजेश सूर्यवंशी शामिल हैं। इनके अलावा मसानगंज निवासी मोहम्मद हसन,सरकंडा इमलीभाठा निवासी सोमेश सारथी,कोनी लोफंदी निवासी मोहम्मद कमाल,सकरी थाना क्षेत्र के आशीष सोनी,डेनिश भार्गव और शिब्बु केंवट के साथ ही विनोचा कॉलोनी के आदित्य लहरे और तालापारा निवासी मुलायम यादव को भी पुलिस ने पकड़ा है। इन सभी आरोपियों की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच है।
इन सभी 11 आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की है।



