रायगढ़ में अवैध अफीम खेती का बड़ा खुलासा, झारखंड का आरोपी गिरफ्तार..

रायगढ़ (छत्तीसगढ़)। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। गोपनीय सूचना के आधार पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, तमनार क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, आबकारी विभाग और एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान खेत में अफीम की फसल मिलने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी मार्शल सांगा (40 वर्ष), निवासी ग्राम हडमबनम, थाना खूंटी, जिला खूंटी (झारखंड) को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह यहां अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा था।

जिले के एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। मौके पर अफीम की खेती की पुष्टि हुई है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।