जंगल में कार रोककर लूट की कोशिश : चाकू के साथ दो आरोपी गिरफ्तार..

बिलासपुर। बेलगहना से कोनचरा मार्ग पर नीलगिरी प्लांट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने चाकू की नोक पर कार सवार लोगों से लूट का प्रयास किया। कार चालक की सूझबूझ और ग्रामीणों की हिम्मत से बड़ी वारदात टल गई। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से बिना नंबर की बाइक और दो धारदार चाकू बरामद किए गए हैं।

सुनसान रास्ते में घेरा, 7 किलोमीटर तक किया पीछा..

घटना बुधवार रात करीब 10.30 बजे की है। विचारपुर निवासी हरिल साय टोप्पो अपनी कार से मरीज को गनियारी अस्पताल में भर्ती कराकर लौट रहे थे। उनके साथ दो महिलाएं भी थीं। बेलगहना के पास घने जंगल में बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी कार के आगे गाड़ी अड़ा दी। बदमाशों ने चाकू दिखाकर कार रोकने की कोशिश की लेकिन ड्राइवर ने कार तेजी से साइड से निकालकर भगा ली। आरोपी यहीं नहीं रुके, उन्होंने करीब 7 किलोमीटर तक कार का पीछा किया और विचारपुर गांव में उन्हें फिर से घेर लिया।

ग्रामीणों को देख बाइक छोड़कर भागे..

गांव में आरोपियों ने कार सवारों को फिर से चाकू दिखाकर धमकाया और लूट की कोशिश की। शोर सुनकर गांव के लोग वहां जमा होने लगे। भीड़ को अपनी ओर आता देख आरोपी घबरा गए और अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकले। रात ज्यादा होने के कारण पीड़ितों ने गुरुवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने चंद घंटों में पकड़ा, एक का रहा है पुराना रिकॉर्ड..

रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने टीम बनाई और दबिश देकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिद्धांत पाण्डेय उर्फ राज (20 वर्ष) और राजकुमार पोर्ते उर्फ सोनू (20 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी सिद्धांत पाण्डेय का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पहले भी रेप, पॉक्सो एक्ट और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।