बिलासपुर में खाकी पर हमला : अपराधियों ने टीआई और पुलिसकर्मियों को पीटा..महिला आरक्षक की वर्दी फाड़ी..

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाला एक बेहद गंभीर और दुस्साहसिक मामला सामने आया है। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम निपनिया में होली के दिन शांति व्यवस्था कायम करने और एक पीड़ित की मदद के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ही बेखौफ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस भीषण बवाल में बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। हुड़दंगियों का दुस्साहस इस कदर हावी था कि उन्होंने पुलिस कर्मियों से मारपीट करते हुए एक महिला आरक्षक की वर्दी तक फाड़ दी।

पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे विवाद की शुरुआत ग्राम पेंडरवा से हुई थी। होली के दिन पेंडरवा निवासी जलेश्वर साहू के साथ गांव के ही कुछ युवकों ने जमकर मारपीट की थी।

घटना के बाद पीड़ित जलेश्वर अपनी शिकायत दर्ज कराने बिल्हा थाने पहुंचा था। वह थाने में रिपोर्ट लिखा ही रहा था कि इसी बीच उसकी बेटी का घबराया हुआ कॉल आया।

उसने बताया कि आरोपी उनके घर के सामने पहुंचकर भारी हंगामा कर रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने तत्काल एक्शन लिया और अपनी टीम के साथ सीधे गांव के लिए रवाना हो गए।

पुलिस की टीम जब गांव की ओर जा रही थी तभी रास्ते में निपनिया के पास उन्हें आरोपियों की एक क्षतिग्रस्त कार लावारिस हालत में मिली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को हिरासत में ले लिया और उसे थाने लाने की तैयारी करने लगी। लेकिन इसी दौरान वहां गांव के जावेद,अजीम,कार्तिक श्रीवास,पप्पू और उनके अन्य साथी भारी संख्या में आ धमके।

इन सभी ने पुलिस की कानूनी कार्रवाई का आक्रामक तरीके से विरोध करना शुरू कर दिया।देखते ही देखते उन्होंने पुलिस टीम के साथ हाथापाई और धक्का मुक्की शुरू कर दी,ताकि कार चालक को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाया जा सके।

इस हंगामे के दौरान बेलगाम हो चुके आरोपियों ने कानून की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने महिला आरक्षक चंदा यादव और आरक्षक मौसम साहू के साथ जमकर झूमाझटकी की।जिससे पुलिसकर्मियों की वर्दी फट गई। जब आरक्षक संतोष मरकाम ने स्थिति को संभालने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी जमकर मारपीट की। हालात को बेकाबू होता देख जब खुद थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने आगे आकर युवकों को समझाने और पीछे हटने की चेतावनी दी तो उन्मादी भीड़ ने उनके साथ भी धक्का मुक्की की जिससे टीआई भी घायल हो गए।

पुलिस टीम पर हमले और मौके पर बढ़ते तनाव को देखते हुए तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई। भारी पुलिस बल को मौके की तरफ आता देख हमलावर और ग्रामीण वहां से भाग निकले। इसके बाद पुलिस टीम किसी तरह कार चालक को लेकर थाने पहुंचने में सफल रही। खाकी पर हुए इस सीधे हमले के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह से सख्त नजर आ रहा है।

थाना प्रभारी की शिकायत पर सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने मारपीट करने और बलवा सहित अन्य संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज करते हुए घटना में शामिल सात मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं पुलिस पर हमला करने वाले अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।