

बिलासपुर में फिटनेस और पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए 5 अप्रैल को अरपा साइक्लोथॉन का आयोजन किया जा रहा है। मुंगेली नाका ग्राउंड से सुबह साढ़े पांच बजे 25 किलोमीटर लंबी साइकिल रेस शुरू होगी। इस रेस में हिस्सा लेकर युवा अपनी फिटनेस सुधारने के साथ ही हजारों रुपये के नकद इनाम भी जीत सकते हैं।

प्रतियोगिता महिला और पुरुष दोनों वर्गों के लिए रखी गई है। पुरुष वर्ग में गियर और बिना गियर वाली साइकिल की अलग अलग रेस होगी। पुरुष वर्ग में पहले विजेता को 10 हजार रुपये मिलेंगे। दूसरे स्थान पर आने वाले को 7 हजार और तीसरे विजेता को 5 हजार रुपये दिए जाएंगे। महिला वर्ग में पहला इनाम 5 हजार रुपये है। दूसरे स्थान के लिए 3 हजार और तीसरे स्थान के लिए 2 हजार रुपये तय किए गए हैं। इसके अलावा बेहतर प्रदर्शन करने वाले 10 पुरुषों और 6 महिलाओं को सांत्वना पुरस्कार भी दिया जाएगा।
रेस में शामिल होने के लिए ऑनलाइन क्यूआर कोड से रजिस्ट्रेशन करना होगा। पुरुषों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 299 रुपये और महिलाओं के लिए 149 रुपये है। साइकिल चलाने वाले सभी लोगों को सर्टिफिकेट और नाश्ता दिया जाएगा। बिलासपुर के बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए रात में रुकने और खाने की खास व्यवस्था भी की गई है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसपी रजनेश सिंह ने शहर के लोगों से इस रेस में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होने की अपील की है। दोनों अधिकारियों का कहना है कि साइकिल चलाने से पेट्रोल डीजल बचता है और शरीर भी फिट रहता है।
इस आयोजन के मुख्य आयोजक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले संतोष गुप्ता आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र प्रदीप साहू और छत्तीसगढ़ सोशल मीडिया सोसाइटी हैं। संतोष गुप्ता ने 24 दिन में भारत के चार बड़े शहरों को जोड़ने वाले गोल्डन क्वाड्रिलेटरल का सफर साइकिल से पूरा किया था। वहीं प्रदीप साहू सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़ गाइड नाम का पेज चलाते हैं। आयोजकों का मुख्य मकसद युवाओं को खेलों और सेहत के प्रति जागरूक करना है।



