रतनपुर हत्याकांड पर बढ़ा आक्रोश : कड़ी सजा की मांग को लेकर मुस्लिम समाज ने किया एसपी कार्यालय का घेराव..

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडरवा में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में समाज के लोग बिलासपुर एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।

समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों, खासकर मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग बेटों को कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अवैध संबंध के शक में किया खूनी हमला..

जानकारी के अनुसार, ग्राम पेंडरवां में रहने वाले सुरेश श्रीवास को शेख सलीम पर अवैध संबंध का शक था। इसी शक के चलते वह अपने दो नाबालिग बेटों के साथ हथियार लेकर शेख सलीम के घर पहुंचा।

बताया जा रहा है कि जब घर में शेख सलीम नहीं मिला, तो आरोपियों ने गुस्से में आकर घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों पर ही तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

66 वर्षीय महिला की मौके पर मौत, कई घायल..

इस हमले में घर में सो रही 66 वर्षीय मुराद बी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात..

घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया था। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

मुख्य आरोपी सहित चार गिरफ्तार..

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास उसके दो नाबालिग बेटे और एक पूर्व सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

मुस्लिम समाज की मांग..

मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की सुनवाई तेजी से की जाए और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून का भरोसा बना रहे।