

बिलासपुर,मस्तूरी।बिलासपुर के जयरामनगर साप्ताहिक बाजार में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक सरेराह गड़ासा लहराते हुए लोगों को धमकाने लगा। बाजार में खरीदारी करने आए लोग अचानक हुए इस हंगामे से सहम गए। मस्तूरी पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी अमन यादव उर्फ चीता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से खतरनाक धारदार हथियार बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
अधिकारियों के निर्देशों पर हुई कार्रवाई..
बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और बदमाशों पर लगाम कसने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में मस्तूरी पुलिस की टीम क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर रही थी।
सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि बेहतराई रोड निवासी अमन यादव जयरामनगर बाजार के पास हाथ में बड़ा सा चाकू जैसा गड़ासा लेकर घूम रहा है। वह वहां आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहा था जिससे बाजार का माहौल खराब हो रहा था।
घेराबंदी कर दबोचा..
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देख आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अमन यादव आदतन बदमाश किस्म का युवक है और इलाके में अपनी धौंस जमाने के लिए इस तरह की हरकत कर रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो कोई बड़ी वारदात हो सकती थी।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि शहर और ग्रामीण इलाकों में गुंडागर्दी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आम जनता की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि लोग बिना किसी डर के बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर आ-जा सकें।




