शराब के लिए 500 रुपए नहीं दिए तो घर में घुसकर महिलाओं पर चापड़ से हमला ; पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल..

बिलासपुर में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने घर में घुसकर महिलाओं पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने महिलाओं के साथ जमकर मारपीट की और लोहे के धारदार चापड़ से वार किया। इतना ही नहीं उसने गुस्से में एक महिला का पैर दांत से भी काट लिया। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना कतियापारा इलाके की है। पुलिस के अनुसार एक महिला ने 7 अप्रैल को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि 6 अप्रैल की शाम करीब साढ़े सात बजे अभय पांडेय उसके घर आया। उसने शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगे। जब महिला ने पैसे देने से साफ मना किया तो वह जबरन घर के अंदर घुस गया।

पैसे नहीं देने की बात पर वह गालियां देने लगा। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसने मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने महिला उसकी बहन और भाभी को मुक्के मारे। इसके बाद अपने पास रखे लोहे के धारदार चापड़ से उन पर हमला कर दिया जिससे उन्हें चोटें आईं। इस दौरान आरोपी ने शिकायतकर्ता महिला के पैर में दांत से काट भी लिया।

इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने आरोपी अभय पांडेय को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके पास से हमले में इस्तेमाल किया गया लोहे का चापड़ भी बरामद कर लिया है।

आरोपी 26 साल का अभय पांडेय मूल रूप से कोटा थाना क्षेत्र के टेंगनमाडा का रहने वाला है। वह फिलहाल सिटी कोतवाली क्षेत्र के कतियापारा में उदई चौक के पास रह रहा था। पुलिस ने उस पर गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।