40 लाख के सट्टे का हिसाब छोड़कर सी वी रमन यूनिवर्सिटी का छात्र हॉस्टल से गायब..

बिलासपुर के कोटा स्थित सी वी रमन यूनिवर्सिटी के हॉस्टल अब पढ़ाई की जगह सट्टेबाजी के नए ठिकाने बनते जा रहे हैं। बिहार के गया का रहने वाला 19 साल का छात्र रोहित कुमार 6 मार्च की शाम से हॉस्टल से लापता है। यह छात्र अपने पीछे ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे का 40 लाख 77 हजार 400 रुपये का पूरा कच्चा चिट्ठा छोड़ गया है। पुलिस अब सट्टे के इस दलदल में फंसे छात्र की तलाश कर रही है।

कोटा पुलिस ने बताया कि रोहित के कमरे की तलाशी में बिना सिम का एक मोबाइल और एक डायरी मिली है। इस डायरी में बेटिंग के नियम और 40 लाख से ज्यादा के लेन देन का पूरा हिसाब दर्ज है। पुलिस को बैंक खातों की जांच में 7 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन भी मिले हैं जो कई लोगों और गेमिंग ऐप के जरिए किए गए हैं। गायब होने से पहले इस छात्र ने अपनी मां को अपनी मर्जी से कहीं जाने का एक मैसेज भी टाइप किया था जो किसी वजह से सेंड नहीं हो पाया।

हैरानी की बात यह है कि रोहित के भाई बहन को उसकी सट्टेबाजी और पैसे हारने की पूरी भनक पहले से थी। गायब होने वाले दिन भी उसने अपने दोस्तों से नकद पैसों की मांग की थी और बदले में तुरंत यूपीआई से पैसे लौटाने का झांसा दिया था। पुलिस की डॉग स्क्वॉड टीम हॉस्टल से कोटा रेलवे स्टेशन तक सुराग खोजती रही जिससे अंदेशा है कि वह ट्रेन पकड़कर कहीं निकल गया है।

हॉस्टल में चल रहे इस बड़े खेल और बड़ी लापरवाही को लेकर पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को नोटिस देकर जवाब मांगा है। पुलिस अब यूनिवर्सिटी गेट मोबाइल नाका चौक खत्री इंटरप्राइजेस स्कूल यूको बैंक एटीएम और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस पूरी पारदर्शिता के साथ परिवार वालों को जांच की पल पल की जानकारी दे रही है और आम जनता से अपील की है कि इस छात्र के बारे में कोई भी सुराग मिलने पर तुरंत कोटा थाने को सूचित करें।