

तीन दिन में समस्या नहीं सुलझी तो होगा आंदोलन, विभाग के खिलाफ पुतला दहन की चेतावनी..

बिलासपुर। लगातार हो रही बिजली कटौती और विद्युत आपूर्ति की अव्यवस्था से परेशान राजीव विहार क्षेत्र के रहवासियों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। क्षेत्रवासियों ने राजीव विहार जन कल्याण एवं विकास समिति के नेतृत्व में बसंत विहार स्थित विद्युत विभाग के सहायक यंत्री कार्यालय का घेराव कर अपनी नाराजगी जताई और कार्यपालन यंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की।


प्रदर्शन का नेतृत्व समिति के सचिव रूप रतन सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित रहे। लोगों का आरोप था कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। दिन और रात में कई बार बिना सूचना बिजली बंद हो जाती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी..
क्षेत्रवासियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में लगातार बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। घरेलू कामकाज से लेकर पढ़ाई और छोटे व्यवसाय तक प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि पहले कभी-कभार बिजली बाधित होती थी, लेकिन अब स्थिति ऐसी बन गई है कि दिनभर में कई बार बिजली कटौती हो रही है।
विभाग पर लापरवाही का आरोप..
ज्ञापन सौंपते हुए समिति के पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग पर उपभोक्ताओं की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। बार-बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी केवल आश्वासन मिलते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
तीन दिन का अल्टीमेटम..
समिति के सचिव रूप रतन सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि राजीव विहार क्षेत्र की बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगामी तीन दिनों के भीतर बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ, तो रहवासी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के अगले चरण में विद्युत विभाग के चेयरमैन का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
स्थायी समाधान की मांग..
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, जर्जर लाइनों और उपकरणों की मरम्मत कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की विद्युत बाधा होने पर उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंपने के बाद अधिकारियों ने समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया है। अब लोगों की निगाहें विभागीय कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। लगातार बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक गर्मा सकता है।



