

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। रायपुर के मंदिर हसौद थाना इलाके में मौजूद मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में अचानक भीषण आग लग गई है। यह आग इतना भयानक रूप ले चुकी है कि इसकी ऊंची लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से ही साफ नजर आ रहा है। आग की इस तेज लपटों को देखकर आसपास के पूरे इलाके में भारी हड़कंप मच गया है।

आग बुझाने का काम जारी..
घटना की जानकारी जैसे ही दमकल विभाग को मिली फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। आग की लपटें काफी तेज हैं इसलिए इसे बुझाने में कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। मौके की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई है। जिले के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि आग को प्लांट के बाकी हिस्सों और आसपास फैलने से रोका जा सके।
मची भारी अफरातफरी..
प्लांट में यह आग कैसे लगी और इसका असली कारण क्या है यह अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम का पूरा फोकस सबसे पहले आग बुझाने और राहत बचाव कार्य पर है। रेस्क्यू का काम बहुत तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस बड़ी घटना में जान या माल का कितना नुकसान हुआ है।
अचानक लगी इस आग के बाद से ही मिवान स्टील प्लांट और उसके बाहर भारी अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। लोग डरे हुए हैं और सुरक्षित जगहों की तरफ जाते नजर आए। पूरा प्रशासन इस वक्त अलर्ट पर है और हर मुमकिन कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द हालात को सामान्य किया जा सके। मंदिर हसौद पुलिस भी मौके पर मौजूद है और भीड़ को कंट्रोल करने में जुटी हुई है।



