

शादी से इनकार पर भड़का युवक, गैराज में घुसकर चाकू से किया हमला, भागने के दौरान घायल हुआ आरोपी..

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड में एकतरफा प्रेम और शादी की जिद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया। नाबालिग युवती से विवाह नहीं होने से नाराज एक युवक ने उसके पिता पर दिनदहाड़े चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब पीड़ित अपनी बाइक की मरम्मत कराने एक गैराज पहुंचा था। आरोपी युवक अचानक वहां पहुंचा और पीछे से हमला कर दिया। पूरी घटना गैराज में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को मोहितदास मानिकपुरी अपनी बाइक की मरम्मत कराने गैराज पहुंचे थे। इसी दौरान शाहिल मरावी वहां चाकू लेकर पहुंचा और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने पहले पीठ पर वार किया, फिर गर्दन पकड़कर सीने पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई।


हालांकि घायल मोहितदास ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का विरोध किया और उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन शाहिल मौके से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल मोहितदास को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रेम संबंध और शादी का विवाद बना हमले की वजह..
पुलिस जांच में सामने आया है कि शाहिल मरावी का मोहितदास की नाबालिग पुत्री से प्रेम संबंध था। प्रारंभिक दौर में युवती के परिजन विवाह के लिए सहमत थे, क्योंकि उन्हें लगा था कि युवक उनके ही समाज से संबंधित है। बाद में युवक की मां के दूसरे समाज से होने की जानकारी मिलने पर परिवार ने शादी से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि इसके बाद परिवार मकान बदलने की तैयारी भी कर रहा था।
इसी बात से नाराज शाहिल लगातार दबाव बना रहा था और आखिरकार उसने युवती के पिता पर हमला कर दिया।
CCTV फुटेज से खुली वारदात की परतें.. देखें वीडियो..
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का गैराज पहुंचना और हमला करना स्पष्ट दिखाई दे रहा है। फुटेज मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी और विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
घेराबंदी के दौरान भागा, खुद गिरकर घायल हुआ आरोपी..
सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शाहिल मरावी की पतासाजी की। पुलिस टीम जब उसके करीब पहुंची तो आरोपी ने भागकर बचने की कोशिश की, लेकिन भागने के दौरान वह स्वयं गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोटें आ गईं। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस जांच जारी..

सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। वहीं इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



