

जशपुर। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना इलाके में प्रेम प्रसंग को लेकर एक खौफनाक वारदात सामने आई है। ग्राम जाम जूनवानी खारापारा में 34 वर्षीय सुशील खलखो की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी उसके साथी और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस जांच में हत्या की मुख्य वजह प्रेम प्रसंग निकलकर आई है। मृतक सुशील खलखो और आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच पिछले तीन चार सालों से संबंध थे। इस बात को लेकर पहले भी गहरा विवाद हुआ था जिसमें सुशील को जेल की हवा खानी पड़ी थी। करीब डेढ़ महीने पहले ही वह जमानत पर रिहा होकर गांव लौटा था। इसके बाद भी दोनों का मिलना जुलना जारी रहा। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में एक सामाजिक बैठक बुलाई गई थी जिसमें आरोपी की पत्नी ने खुलेआम सुशील के साथ रहने की इच्छा जताई और वह उसके साथ रहने भी लगी थी। अपनी पत्नी के इस कदम से जयलाल और उसके परिजन बुरी तरह बौखलाए हुए थे।
इसी रंजिश के चलते 27 मई 2026 की रात करीब 11 बजे आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। गांव में शोर शराबा सुनकर जब प्रार्थिया जानकी लकड़ा बाहर आई तो उसने खौफनाक मंजर देखा। जयलाल एक्का जयमन एक्का और एक किशोर मिलकर सुशील को बेतहाशा पीट रहे थे। आरोपियों ने पहले सुशील का सिर जमीन पर जोर से पटका और फिर पास रखे भारी पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए। इस भीषण हमले में सुशील ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या की खबर मिलते ही पत्थलगांव थाना प्रभारी विनीत कुमार पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। जानकी लकड़ा की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर 34 वर्षीय जयलाल एक्का 36 वर्षीय जयमन एक्का और एक 17 वर्षीय किशोर को हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने दोनों बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है जबकि नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में तत्परता से काम करते हुए सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



