जनगणना ड्यूटी पर पहुंचे शिक्षक से मारपीट : बिलासपुर में पहला मामला, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल..

आईडी कार्ड फाड़ा, सरपंच के सामने दी धमकी ; शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर..

बिलासपुर। जिले में जनगणना कार्य के दौरान एक शिक्षक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम घोघरा में हुई इस घटना ने ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उड़नताल में पदस्थ शिक्षक नेतराम पैकरा शनिवार सुबह करीब 10 बजे जनगणना कार्य के लिए ग्राम घोघरा पहुंचे थे। इसी दौरान मकान क्रमांक 141 के पास गांव के ही निर्मल सतनामी ने उनसे विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

बताया गया कि शिक्षक ने उसे अपनी जनगणना ड्यूटी के बारे में समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनकी एक नहीं सुनी और उनका आईडी कार्ड भी फाड़ दिया।

घटना के बाद शिक्षक पंचायत भवन पहुंचे, जहां आरोपी ने फिर उनके साथ दुर्व्यवहार किया। सरपंच के सामने ही उनका कॉलर पकड़कर धमकी दी और “देख लेने” की बात कही। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।

इसके बाद जब शिक्षक दगौरी की ओर जाने लगे, तो आरोपी ने चुराघाट तक उनका पीछा किया, जिससे वे काफी भयभीत हो गए।

पीड़ित शिक्षक ने इस घटना की जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी और उनके मार्गदर्शन में बिल्हा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठने लगी है।