

विश्वविद्यालय टीम चयन के बाद बढ़ा विवाद, आंख और गले के पास गंभीर चोट ; पुलिस ने दर्ज किया मामला..

बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में क्रिकेट टीम की आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवा क्रिकेट खिलाड़ी पर कैंची से जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।
मामले में प्रार्थी रवि कुमार सोनी, निवासी आरएसके एकेडमी के पास, महामाया चौक सरकंडा, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र अनुभव सोनी (20 वर्ष) क्रिकेट खिलाड़ी है और वर्ष 2025 में उसका चयन विश्वविद्यालय टीम में हुआ था। इसी बात को लेकर टीम के कप्तान राज पाली उससे रंजिश रखने लगा था।
घटना 1 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। बताया गया कि अनुभव अपने भाई के साथ घूमने निकला था और अपने दोस्त असद खान के पास रुका हुआ था। इसी दौरान आरोपी राज पाली ने उसे फोन कर आरएसके एकेडमी के पास बुलाया।
जैसे ही अनुभव मौके पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद राज पाली और रिशु ठाकुर ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर राज पाली ने अपने पास रखी कैंची से अनुभव पर हमला कर दिया। वार उसकी बाईं आंख और गले के पास लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद घायल युवक को बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



