

बिलासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 65 साल के बुजुर्ग ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर बेहरमी से हत्या कर दी। आरोपी पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में आकर पति ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम रिसदा में रहने वाले जीवन नोरगे ने अपनी पत्नी सरस्वती नोरगे को मौत के घाट उतारा है। जीवन नोरगे की उम्र 65 वर्ष है और वह पिछले कई सालों से अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका कर रहा था।
परिजनों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच अक्सर इस बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। 21 अप्रैल 2026 को भी पति पत्नी के बीच इसी पुरानी बात पर तीखी बहस शुरू हो गई। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि आरोपी जीवन नोरगे अपना आपा खो बैठा। उसने हत्या करने की नीयत से पास ही रखी लोहे की भारी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने और ज्यादा खून बहने से सरस्वती ने वहीं दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। किसी ग्रामीण ने मस्तूरी पुलिस को वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कृष्ण चंद सिदार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इस हत्याकांड से अवगत कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रश्मित कौर चावला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया।
उप पुलिस अधीक्षक लालचंद मोहले को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। उनके साथ सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल यूनिट के वैज्ञानिक अधिकारी भी वहां पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए और हत्या में इस्तेमाल हथियार सहित अन्य सबूतों को सील किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवा दिया।
पुलिस ने घटनास्थल पर ही घेराबंदी कर आरोपी पति जीवन नोरगे को हिरासत में ले लिया। थाने लाकर जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कई सालों से अपनी पत्नी पर शक करता था। घटना वाले दिन भी इसी बात पर विवाद हुआ और उसने गुस्से में आकर पत्नी को मार डाला।
पुलिस ने मस्तूरी थाने में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 1 के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने हत्यारे पति को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इलाके में इस वारदात के बाद से मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।



