

बिलासपुर। जिले की सीपत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी का लालच देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने एक युवती को अपने जाल में फंसाया और शादी का वादा करके उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी के लिए कहा तो वह अपनी बात से मुकर गया। बात सिर्फ यहीं तक नहीं रुकी आरोपी ने युवती को डराना धमकाना भी शुरू कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने परेशान होकर सीपत पुलिस थाने का दरवाजा खटखटाया। पीड़िता ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई।उसने पुलिस को बताया कि झलमला गांव के रहने वाले सूरज कुमार सोनी ने उसे शादी का सपना दिखाया था। इसी लालच में आकर वह उसके झांसे में आ गई आरोपी ने इसका फायदा उठाया और उसके साथ ज्यादती की।
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने इस दौरान चालाकी से पीड़िता के कुछ निजी और अश्लील फोटो और वीडियो भी अपने मोबाइल में रख लिए थे।जब भी पीड़िता शादी की बात करती तो आरोपी कोई न कोई बहाना बना देता और बाद में उसने शादी करने से साफ मना कर दिया।इसके बाद जब पीड़िता ने पुलिस में जाने की बात कही तो आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगा। उसने धमकी दी कि अगर वह थाने गई या किसी को कुछ बताया तो वह सारे फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डालकर उसे पूरी तरह बदनाम कर देगा।
इस धमकी से पीड़िता बुरी तरह डर गई थी। लेकिन अंत में उसने हिम्मत दिखाई और अपने साथ हुए अन्याय की शिकायत पुलिस से की। सीपत पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझा और तुरंत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की नई धाराओं का उपयोग किया है।आरोपी सूरज कुमार सोनी के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 और 351 ब्रैकेट 3 के तहत केस दर्ज किया गया।
बिलासपुर के डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने पहले ही साफ कर दिया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों में पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेगी। इसका सीधा मतलब है कि ऐसे मामलों में पुलिस जरा भी कोताही नहीं बरतेगी और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इन्हीं सख्त आदेशों का पालन करते हुए सीपत पुलिस ने तुरंत अपनी टीम तैयार की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने बिना कोई समय गंवाए 33 वर्षीय आरोपी सूरज कुमार सोनी पिता सुहाराम सोनी को उसके गांव झलमला से धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और सारी कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर अब आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



