

बिलासपुर। जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के मधुबन और दयालबंद क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की। मुक्तिधाम के पास की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर और उनसे जुड़े उपकरण जब्त किए गए।

खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर जांच के दौरान 14.2 किलोग्राम के 100 घरेलू सिलेंडर और 5 किलोग्राम के 263 सिलेंडर बरामद किए। इसके अलावा बड़ी संख्या में चूल्हा बर्नर, रेगुलेटर, प्रेशर वाल्व और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। यह सभी सामग्री अवैध रूप से भंडारित कर कालाबाजारी के उद्देश्य से रखी गई थी। विभाग ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई करते हुए वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
देखें वीडियो..
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और सभी 35 गैस एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और केवल नियमानुसार बुकिंग कर निर्धारित दरों पर ही गैस सिलेंडर लें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कालाबाजारी या अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और शिकायत मिलने पर तुरंत छापेमारी की जाएगी।
खाद्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 8 मामलों में 310 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रशासन की अपील..
यदि कहीं एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी, अधिक कीमत पर बिक्री या अवैध भंडारण की जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।



