रायगढ़ में अवैध आरा मशीन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सॉ मिल सील..

रायगढ़, 14 मार्च। जिले में अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुसमुरा स्थित एक सॉ मिल पर छापा मारकर उसे सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मिल में भारी मात्रा में लकड़ी भी बरामद की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को वन मण्डलाधिकारी रायगढ़ को कुसमुरा क्षेत्र में अवैध रूप से आरा मशीन संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन मण्डलाधिकारी के निर्देश पर उपवनमण्डलाधिकारी रायगढ़ ने 10 सदस्यीय टीम गठित कर उमाशंकर सॉ मिल, कुसमुरा (जिला रायगढ़) में छापेमारी की।

वन विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची, तब सॉ मिल चालू हालत में पाई गई और परिसर में बड़ी मात्रा में काष्ठ (लकड़ी) मौजूद था। जांच के दौरान आरा मशीन संचालक से सॉ मिल का लाइसेंस तथा वनोपज से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जैसे स्टॉक रजिस्टर, निवर्तन रजिस्टर और आवक रजिस्टर प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन संचालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

दस्तावेजों के अभाव में आरा मशीन संचालक को काष्ठ चिरान अधिनियम 1984 की धारा 4, 7, 9 और 10 का उल्लंघन करते पाया गया। इसके बाद वन विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सॉ मिल को तत्काल सील कर दिया।

इस पूरी कार्रवाई में तनमय कौशिक (प्रशिक्षु भा.व.स.), परिक्षेत्राधिकारी संजय लकड़ा, उड़नदस्ता प्रभारी रोशन सिदार, राजेश तिवारी, संदीप नामदेव, स्वर्णलता लकड़ा (उपवन क्षेत्राधिकारी), वनपाल रजनी टोप्पो, टीकाराम सिदार और शुकलाल खड़िया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों और वनोपज के अवैध व्यापार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।