छत्तीसगढ़ में इस साल मार्च में ही पड़ेगी तेज गर्मी : तापमान रहेगा सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा..

रायपुर। मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में मौसम के तेवर तल्ख होने लगे हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार इस वर्ष मार्च में प्रदेश वासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। दिन का तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने की संभावना जताई गई है। आसमान साफ रहने और शुष्क हवाओं के कारण फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं जिससे दोपहर के समय हीट स्ट्रेस बढ़ने की आशंका है।

मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि प्रदेश के मैदानी और औद्योगिक क्षेत्रों में पारे में तेजी से उछाल देखने को मिलेगा। मार्च के पहले और दूसरे सप्ताह में ही कई प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। अनुमान है कि महीने के दूसरे पखवाड़े में कुछ स्थानों पर पारा 37 डिग्री के करीब तक जा सकता है। पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश में मार्च के अंतिम दिनों में कई शहरों में तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक पहुंचने का चलन रहा है।

लालपुर मौसम केंद्र के पूर्व निदेशक एमएल साहू ने बताया कि इस वर्ष प्री समर हीट तय समय से पहले ही दस्तक दे रही है। उन्होंने दिन में 11 बजे से शाम 4 बजे तक के समय को हीट स्ट्रेस का पीक टाइम बताया है।

उनका स्पष्ट कहना है कि अगर मौसम प्रणालियों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होता है तो मार्च के दूसरे हिस्से में गर्मी का प्रकोप और अधिक बढ़ जाएगा।

कुल मिलाकर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पूरे महीने मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा। मौजूदा हालात यह संकेत दे रहे हैं कि यदि आने वाले दिनों में कोई नया पश्चिमी विक्षोभ या मौसम तंत्र सक्रिय नहीं हुआ तो प्रदेश को अप्रैल महीने से पहले ही झुलसाने वाली तीखी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।