ससुर से अलग रहने की जिद पर विवाद : रात में घर से निकले नवदंपती ने एक ही फंदे से लगाई फांसी..

बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पारिवारिक कलह के चलते एक नवविवाहित दंपती ने सड़क किनारे नीम के पेड़ पर एक ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की मुख्य वजह पत्नी का अपने ससुर से अलग रहने की जिद बताई जा रही है जिसे लेकर दोनों के बीच रविवार रात भारी विवाद हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की शिनाख्त छब्बीस वर्षीय प्रकाश यादव और उसकी बाईस वर्षीय पत्नी पूर्णिमा यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रकाश मूल रूप से जयरामनगर परसदा का रहने वाला था और पूर्णिमा गतौरी की निवासी थी। दोनों का विवाह महज एक साल पहले ही हुआ था। वर्तमान में यह दंपती चिंगराजपारा के कदमपारा इलाके में किराए के मकान में रहता था। प्रकाश मजदूरी करके परिवार का गुजारा चलाता था। इसी मकान में प्रकाश के पिता दिलहरण यादव भी उनके साथ रहते थे।

प्रारंभिक पुलिस जांच और परिजनों के बयानों से यह बात सामने आई है कि पूर्णिमा अपने ससुर के साथ नहीं रहना चाहती थी। वह लगातार पति पर अलग रहने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर आए दिन घर में क्लेश होता था। रविवार की रात भी इसी मुद्दे पर पति पत्नी के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने घर छोड़ने का फैसला कर लिया और अपना सामान भी पैक कर लिया। रात में जब पिता सो रहे थे तब दोनों टहलने के बहाने घर से बाहर निकल गए।

देर रात भटकते हुए दोनों सीपत रोड स्थित सूर्या चौक के पास पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के करीब पहुंचे। यहां उन्होंने एक नीम के पेड़ पर एक ही कपड़े से फंदा बनाया और दोनों एक साथ फांसी पर झूल गए। सुबह राहगीरों ने शव लटकते देखे तो तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची सरकंडा थाना पुलिस ने छानबीन शुरू की और प्रकाश के पिता दिलहरण यादव को घटना की जानकारी दी। पिता ने मौके पर पहुंचकर दोनों की पहचान की।

पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि स्थानीय लोगों और परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्य भी स्पष्ट हो सकें।