

बिलासपुर।बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने भाजपा द्वारा आयोजित संभागीय व्यापारी सम्मेलन में कहा कि वर्तमान केंद्रीय बजट विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों को पूरा करने वाला है।उन्होंने बताया कि यह बजट आर्थिक समृद्धि और रोजगार के अवसर पैदा करेगा जो भविष्य में मील का पत्थर साबित होगा।

अग्रवाल ने कहा कि देश की सुरक्षा और विकास की योजना एक दिन में पूरी नहीं होती बल्कि यह वर्षों की तपस्या और दूरदृष्टि का परिणाम होती है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी सफलता पिछले बारह सालों की तैयारियों की वजह से मिली है। जब पाकिस्तान ड्रोन से हमारे नागरिक क्षेत्रों को निशाना बना रहा था तब हमारे शक्तिशाली ड्रोन ने उन्हें आसमान में ही नष्ट कर दिया।
अग्रवाल ने बताया कि रक्षा बजट भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर बनाया गया है और देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ के विकास के लिए लगभग 53 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। राष्ट्रीय सड़क मार्ग प्राधिकरण ने राज्य में 40 हजार करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण किया है।
रेलवे क्षेत्र के विकास के लिए 51 हजार करोड़ रुपये मिले हैं और राज्य में माइनिंग कॉरिडोर की घोषणा भी की गई है। वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए डेढ़ लाख वालंटियर तैनात करने का लक्ष्य रखा गया है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश हुआ यह बारहवां बजट है। साल 2014 से पहले भारत आर्थिक रूप से काफी पिछड़ा था लेकिन अब हम दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर हैं। साल 2026 तक 53 लाख करोड़ का बजट पेश किया गया है। तीन एम्स और पांच मेडिकल हब बनाने के साथ ही कृषि और ग्रामीण विकास पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि देश के किसानों को बड़ी राहत राशि दी गई है और जल जीवन मिशन जैसे कार्यों के लिए भी पर्याप्त बजट है।
छत्तीसगढ़ राज्य उद्योग संघ के अध्यक्ष हरीश केडिया ने बजट को चहुंमुखी बताते हुए कहा कि परिवहन के क्षेत्र में उठाए गए कदमों से आम जनता और उद्योगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि गुजरात के बाद अब छत्तीसगढ़ में सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित करने की स्वीकृति मिल गई है जो बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी और महापौर पूजा विधानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



